एटा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, 6 बेड का नया ICU शुरू

एटा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, 6 बेड का नया ICU शुरू

संवादाता अमन अहमद। एटा मुख्यालय स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मेडिकल कॉलेज में 6 बेड का नया आईसीयू (ICU) स्थापित किया गया है, जिससे अब गंभीर मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार मिल सकेगा। कॉलेज के प्राचार्य बलबीर सिंह ने मंगलवार को स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और नए आईसीयू समेत विभिन्न वार्डों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ने कॉलेज परिसर की साफ-सफाई, मरीजों की सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अधीनस्थ स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने नई इमरजेंसी का भी भ्रमण किया, जहां कुल 30 बेड स्थापित किए गए हैं। इस इमरजेंसी को आईसीयू वार्ड के साथ-साथ रेड जोन, ग्रीन जोन और येलो जोन में विभाजित किया गया है, जिससे मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर इलाज किया जा सके।

प्राचार्य बलबीर सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड का नवीनीकरण कार्य तेजी से चल रहा है। एक हिस्से का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष भाग का कार्य अंतिम चरण में है, जिसे सोमवार से शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले इस तरह की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, लेकिन अब नई इमरजेंसी में सभी व्यवस्थाएं चालू कर दी गई हैं।

इसके अलावा इमरजेंसी परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। बागवानी के साथ फल-फूलदार पौधे लगाए जा रहे हैं और मरीजों के तीमारदारों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था की जा रही है। प्राचार्य ने यह भी स्वीकार किया कि फिलहाल मेडिकल कॉलेज में कार्डियक और न्यूरो सुपर स्पेशलिटी की सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन भविष्य में इन्हें भी शुरू करने की योजना है, जिससे जिले के मरीजों को बाहर रेफर न होना पड़े।

ये भी पढ़ें रास्ते पर पानी निकलने के विवाद में अधेड़ महिला को मारपीट कर किया अधमरा…

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें