अपहरण का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पीड़ित सकुशल बरामद
संवाददाता अवधेश चंद्र पांडेय
कुंडा/प्रतापगढ़। बाघराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अपहरण के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़ित को सकुशल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नत्थू सरोज उर्फ नन्चू पुत्र हीरालाल सरोज निवासी लाल साहब का पुरवा भाव थाना बाघराय के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 21 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय तथा क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता के कुशल पर्यवेक्षण में थाना बाघराय पुलिस ने यह सफलता हासिल की। थाना प्रभारी बाघराय श्रवण कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित द्विवेदी अपनी टीम के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। टीम में कांस्टेबल सचिन ठेनुआ और महिला कांस्टेबल प्रगति गुप्ता शामिल थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कुंडा रेलवे स्टेशन के पास मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना बाघराय में धारा 137(2), 87, 352, 61(2) बीएनएस के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने अपहृत व्यक्ति को भी सकुशल बरामद कर लिया है।












