ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय धरोहरों से रूबरू होने दिल्ली रवाना हुए गाजियाबाद के परिषदीय छात्र अधिकारी ओम प्रकाश यादव बीएसए ने हरी झंडी दिखाकर बस को किया रवाना, प्रेरक संबोधन से बढ़ाया उत्साह
संवाददाता पवन सूर्यवंशी एनसीआर
गाजियाबाद, 27 फरवरी। जनपद गाजियाबाद के परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को देश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से गुरुवार को शैक्षिक भ्रमण हेतु दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव ने बीएसए कार्यालय परिसर से बस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

इस शैक्षिक भ्रमण का सफल संयोजन जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) अनुभव गुप्ता द्वारा किया गया।
जनपद के सभी विकासखंडों से चयनित छात्र-छात्राओं में भ्रमण को लेकर विशेष उत्साह एवं जिज्ञासा देखने को मिली।विद्यार्थियों को दिल्ली के प्रमुख ज्ञानवर्धक स्थलों का अवलोकन कराया जाएगा,
जिनमें इंडिया गेट पर अमर जवान ज्योति के माध्यम से शहीद सैनिकों के बलिदान की जानकारी, वेस्ट टू वंडर पार्क में कबाड़ से निर्मित विश्व के सात आश्चर्यों की प्रतिकृतियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं पुनर्चक्रण का संदेश, राजीव गांधी स्मृति वन में हरित पर्यावरण, जैव विविधता एवं प्राकृतिक संरक्षण का अध्ययन तथा लाल किला में मुगलकालीन स्थापत्य कला एवं स्वतंत्रता संग्राम के ऐतिहासिक प्रसंगों की जानकारी शामिल है।
इस अवसर पर अपने प्रेरक संबोधन में बीएसए ओम प्रकाश यादव ने कहा कि “पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ ऐतिहासिक स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत सहायक होता है। ऐसे भ्रमण छात्रों में राष्ट्रीय गौरव, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक जागरूकता को सुदृढ़ करते हैं।
”जिला व्यायाम शिक्षक राजकुमार ने विद्यार्थियों को सुरक्षा, अनुशासन एवं टीम भावना बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि “अनुभव से प्राप्त ज्ञान जीवनभर साथ रहता है और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।”
कार्यक्रम में एसआरजी पूनम शर्मा, प्रधानाध्यापक राजपाल सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित, अनुशासित एवं ज्ञानवर्धक यात्रा की कामना की।
यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की गौरवशाली विरासत, पर्यावरण संरक्षण के महत्व एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।












