गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट साहिबाबाद पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 चोरी की बाइक बरामद
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर महोदय जे० रविन्द्र गौड़ के निर्देशन में थाना साहिबाबाद पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ट्रांस हिंडन ज़ोन की संयुक्त कार्रवाई में वाहन चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को नागद्वार चौराहे के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। वाहन के दस्तावेज न दिखा पाने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने बाइक चोरी की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज (27 वर्ष) और सचिन (28 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी कर मौका मिलते ही चोरी करते थे। बाद में वाहनों को कबाड़ियों अथवा अन्य लोगों को कम कीमत पर बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। बरामद वाहनों में 2 पैशन प्रो, 2 हीरो स्प्लेंडर प्लस और 1 हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।












