हरियाणा सरकार 23 दिसंबर को मनाएगी गुरु ब्रह्मानंद जयंती, मुख्यमंत्री सहित सभी विधायक होंगे शामिल
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
पानीपत, 14 दिसंबर। हरियाणा सरकार द्वारा प्रसिद्ध समाज सुधारक गुरु ब्रह्मानंद की जयंती 23 दिसंबर को उनके पैतृक गांव चूड़ माजरा (कैथल) में भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस ऐतिहासिक आयोजन में मुख्यमंत्री, सभी विधायक एवं पूर्व विधायकों को आमंत्रित किया गया है। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने दी। विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने अहर गांव में ग्रामीणों को जयंती का निमंत्रण देते हुए कहा कि गुरु ब्रह्मानंद ने नारी शिक्षा, समाज सुधार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुरु ब्रह्मानंद के विचारों और अभियानों को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पबद्ध है। हरविंद्र कल्याण ने बताया कि जयंती को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरे प्रदेश में विशेष कमेटियों का गठन किया गया है, जो गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण देंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक हरियाणा और भारत को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल करना है, जिसमें समाज सुधारकों की शिक्षाएं मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि गुरु ब्रह्मानंद की शिक्षाएं आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उनके नाम से संचालित आश्रम और सामाजिक संस्थाएं समाज के उत्थान में निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जैसे हर वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ जयंती मनाई जाती है, वैसे ही इस बार भी इसराना विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में भाग लेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कलीराम, बलकार सिंह, धर्मवीर, मांगे राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने गुरु ब्रह्मानंद के विचारों को आत्मसात करने और जयंती को सफल बनाने का संकल्प लिया।












