जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, विद्यार्थियों को सेवा व मानवता का दिया गया संदेश
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
पानीपत, 14 दिसम्बर। उपायुक्त एवं प्रधान जिला रेडक्रॉस सोसाइटी डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के कुशल मार्गदर्शन तथा उपाध्यक्ष अंकुश मिंगलानी व महासचिव भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, हरियाणा राज्य शाखा डॉ. सुनील कुमार से प्राप्त निर्देशों के अनुसार 12 से 16 दिसम्बर तक जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पानीपत के प्रांगण में किया जा रहा है। शिविर के उद्घाटन समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया गया। अतिथियों ने रेडक्रॉस के संस्थापक सर जीन हेनरी ड्यूना को पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर राम आशीष मंडल, स्टेट कोऑर्डिनेटर जूनियर रेडक्रॉस, हरियाणा रेडक्रॉस विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि का स्वागत जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव गौरव राम करण, शिविर निदेशक हरमेंश चन्द एवं विभिन्न विद्यालयों से आए जूनियर रेडक्रॉस काउंसलरों द्वारा पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर किया गया। सचिव गौरव राम करण ने जानकारी दी कि भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी हरियाणा राज्य शाखा के सौजन्य से तथा शिक्षा विभाग पानीपत के सहयोग से आयोजित इस पांच दिवसीय शिविर में जिले के लगभग 20 विद्यालयों से 120 से अधिक छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्देश्य विद्यालयों में जूनियर रेडक्रॉस की गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों को जनकल्याणकारी कार्यों से जोड़ना है। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि रेडक्रॉस के सिद्धांत—मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता एवं सार्वभौमिकता—हमें नेक कार्य करने और सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। इन सिद्धांतों को अपनाकर विद्यार्थी एक अच्छे समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस केवल जिला या राज्य स्तर की संस्था नहीं बल्कि विश्व स्तर पर कार्यरत संगठन है, जिसके स्वयंसेवक 193 से अधिक देशों में सेवा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जरूरतमंदों की सहायता करने और रेडक्रॉस के नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलवाई। स्टेट कोऑर्डिनेटर राम आशीष मंडल ने जूनियर रेडक्रॉस के इतिहास, विद्यालयों में संचालित गतिविधियों एवं ब्रिगेड गठन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस की स्थापना सर जीन हेनरी ड्यूना द्वारा की गई थी तथा समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए संस्था को तीन बार नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। मीना कुमारी, जिला कोऑर्डिनेटर जूनियर रेडक्रॉस विंग, पानीपत ने उपस्थित अतिथियों व प्रतिभागियों को गरीबों, असहायों एवं जरूरतमंदों की सहायता हेतु जूनियर रेडक्रॉस की शपथ दिलवाई। वहीं पुलिस विभाग पानीपत से उप निरीक्षक कर्मबीर शर्मा ने प्रतिभागियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सभी को ट्रैफिक नियमों के पालन की शपथ दिलवाई। कार्यक्रम में जे.आर.सी. काउंसलर रिंकेश ने मंच संचालन किया। शिविर निदेशक हरमेंश चन्द ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस से आरसीआईटी डायरेक्टर डॉ. सोनू सिंह, मनोज कुमार, जसमेर सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर सुदेश, प्रवक्ता कला भारद्वाज, जेआरसी काउंसलर व स्वयंसेवक प्रीति, अमन, इरफान सहित गुरप्रीत, अमित, संतोष, सुशीला, राधा एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।












