पानीपत में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा का दूसरा चरण संपन्न, भाजपा पर समाज को बांटने की राजनीति का आरोप
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत हरियाणा
पानीपत, 14 दिसंबर।
पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विदेशी मामले विभाग के उपाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा का दूसरा चरण शनिवार को संपन्न हो गया। इस दौरान उन्होंने इसराना विधानसभा क्षेत्र के इसराना, कालखा, लोहारी, औसरी, भालसी, मतलौडा और कवि गांवों में जनसंपर्क किया। उन्होंने लोगों से 14 दिसंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोरी के मुद्दे पर होने वाली रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।बृजेंद्र सिंह ने कहा कि वोट चोरी को लेकर लगातार नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं, जिससे लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि जब चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हों, तो आम जनता का भरोसा कमजोर होता है और लोकतंत्र पर डाका पड़ता है। सद्भाव यात्रा का शुभारंभ इसराना स्थित चौधरी छोटूराम किसान भवन में किसान मसीहा छोटूराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह डूमरखां भी मौजूद रहे। यात्रा के दौरान अपने संबोधन में बृजेंद्र सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा समाज में विभाजन की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा 80-20 की राजनीति के जरिए समाज को बांटने का काम कर रही है और यह पार्टी नकारात्मक राजनीति को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि पहले भी धर्म और जाति के आधार पर राजनीति होती रही है, लेकिन समाज में वैमनस्य फैलाने का उद्देश्य नहीं रहा, जबकि पिछले 11 वर्षों से हरियाणा में भाजपा इसी तरह की राजनीति कर रही है। पूर्व सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा अपने मूल नेताओं से विवादास्पद बयान नहीं दिलवाती, बल्कि दूसरी पार्टियों से आए नेताओं के जरिए समाज में जहर घोलने का काम करवाती है और बाद में उन्हें अलग कर देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि घटिया भाषा का जवाब घटिया भाषा से मिले, जिससे समाज में बिखराव पैदा हो। बृजेंद्र सिंह ने दावा किया कि भाजपा का राजनीतिक मुकाबला केवल कांग्रेस ही कर सकती है, जबकि अन्य दल अपना खोया हुआ अस्तित्व तलाशने में लगे हैं। उन्होंने बताया कि सद्भाव यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में नए कार्यकर्ताओं से मुलाकात हुई है। यात्रा का अगला चरण 18 दिसंबर को बावल विधानसभा क्षेत्र से शुरू होगा।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह डूमरखां, पूर्व विधायक राजरानी पूनम, शमशेर सिंह गोगी, चाणक्य पंडित, जितेंद्र कुंडू, लाजवंती ढिल्लो, पूर्ण सिंह डिडवारी, सुरेंद्र खरब एडवोकेट, रघबीर संधू, बाबू राम कौशिक, कर्मचंद पूनम, प्रेम भंडारी, सुभाष तंवर, दीप चंद कल्याण, जोगिंद्र कल्याण, कपिल जागलान, भंवर सिंह, प्रेम सिंह वाल्मीकि व एडवोकेट अमित काजल सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।












