बाढ़ की तैयारियों को लेकर मा0 प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह जी ने की समीक्षा बैठक ,सभी संबंधित विभागों को पूरी तैयारी के साथ अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश

बाढ़ की तैयारियों को लेकर मा0 प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह जी ने की समीक्षा बैठक ,सभी संबंधित विभागों को पूरी तैयारी के साथ अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश

पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर

गौतमबुद्धनगर 13 अगस्त, 2026 बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने तथा जनपद गौतमबुद्ध नगर में बाढ़ सुरक्षा एवं बचाव की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आज शक्ति सदन गेस्ट हाउस, सेक्टर 38 नोएडा में जनपद के मा0 प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह जी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में बाढ़ से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों, नदी के जलस्तर, तटबंधों की स्थिति, बाढ़ चौकियों तथा राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।  मा0 प्रभारी मंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए सभी विभाग तैयारियों के साथ पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहें तथा आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से तीनों प्राधिकरणों एवं पुलिस विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को बाढ़ चौकियों का स्थलीय निरीक्षण करने, वहां आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद में बाढ़ से निपटने के लिए की गई तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि बाढ़काल में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तटबंधों की आवश्यक मरम्मत, रैटहोल्स एवं गड्ढों आदि की मरम्मत का कार्य भी पूर्ण करा लिया गया है। इसके साथ ही बाढ़ सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों पर स्प्लिट स्टोन, सीमेंट की बोरियां मिट्टी से भरी हुई, बल्ली सहित आवश्यक सामग्री का पर्याप्त स्टॉक कर लिया गया है। बाढ़ के दौरान सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान एवं जलस्तर की सतत निगरानी के लिए बाढ़ कक्ष ओखला बैराज तथा जनपद गाजियाबाद स्थित सिंचाई निर्माण खंड कार्यालय में बाढ़ कक्ष को 24×7 सक्रिय रखा गया है तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है। जनपद गौतमबुद्धनगर में सिंचाई विभाग की दो बाढ़ चौकियां याकूतपुर एवं कामनगर में स्थापित हैं। इसके अतिरिक्त जनपद में 17 प्रशासनिक बाढ़ चौकियां भी बनाई गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया एवं समन्वय के लिए 07 ग्रामीण बाढ़ समितियों का गठन किया गया है। बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई निर्माण खंड, गाजियाबाद द्वारा नदियों के वर्तमान जलस्तर एवं डिस्चार्ज की जानकारी दी गई। उन्होंने अवगत कराया कि यमुना नदी एवं हिण्डन नदी पर बने सभी तटबंध वर्तमान में सुरक्षित हैं। सिंचाई विभाग द्वारा दोनों नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अप्रत्याशित स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।  मा0 प्रभारी मंत्री जी ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ चौकियों, तटबंधों, संवेदनशील स्थलों तथा आवश्यक संसाधनों का नियमित निरीक्षण करते रहें और जहां कहीं भी कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर कराया जाए। साथ ही जनसामान्य को समय से आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने तथा बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रभावी कार्ययोजना को और अधिक सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग कंचन, सहायक अभियंता सिंचाई, खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित सभी अधिकारियों ने बाढ़ से निपटने के लिए अपने- अपने विभाग द्वारा की गई तैयारियों के संबंध में मा0 प्रभारी मंत्री जी को विस्तारपूर्वक अवगत कराया। गौतमबुद्धनगर।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें