मथुरा-बरेली हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, एलआईसी एजेंट की मौत, 11 घायल
संवाददाता – अश्वनी कुमार हाथरस जनपद में मथुरा-बरेली हाईवे पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कॉर्पियो और वैगनआर कार की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के नगला तजना गांव के पास दोपहर करीब 3 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार आठ लोग हसायन थाना क्षेत्र के गांव कानऊ से मुरसान में एक गमी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही वैगनआर कार से स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में घायल लोगों में हसायन क्षेत्र के कानऊ निवासी लवकुश पुत्र श्यामसुंदर, रूपी पत्नी राज बहादुर, विद्या पत्नी रामबाबू, सुभाष चंद्र पुत्र चंद्रपाल, मुनेश पुत्र चित्रपाल, बृजेश देवी पत्नी सुभाष शामिल हैं। इसके अलावा नया नगला निवासी पूनम, कोतवाली सदर हाथरस के नवीपुर निवासी साहब सिंह, मथुरा के कृष्णानगर कॉलोनी निवासी आयुष व सोनू, कासगंज निवासी हिमांशु व सरवन सहित अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल रूपी, विद्या देवी, पूनम और साहब सिंह को अलीगढ़ रेफर कर दिया।
इलाज के लिए आगरा ले जाते समय 55 वर्षीय साहब सिंह की रास्ते में मौत हो गई। बताया गया कि साहब सिंह एलआईसी में एजेंट थे और बाइक से हाथरस से सिकंद्राराऊ की ओर जा रहे थे, तभी वे हादसे की चपेट में आ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें जिलाधिकारी ने आगामी महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों के दृष्टिगत की बैठक












