खिचड़ी के महाप्रसाद में उमड़े सैकड़ों श्रद्धालु
ब्यूरो प्रतापगढ़ अवधेश चंद्र पांडेय
कुंडा/ प्रतापगढ़। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर तीर्थराज प्रयाग के माघ मेला क्षेत्र अंतर्गत पुल नंबर पाँच स्थित भूरा मठ में खिचड़ी के महाप्रसाद का भव्य आयोजन किया गया। बाला जी प्रतिष्ठान के संस्थापक भीम प्रसाद त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद स्वामी जी महाराज (जोशी जी) ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रसाद, चाय, भोजन एवं ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भंडारे के आयोजक भीम प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि सनातन धर्म में अन्नदान को महापुण्य बताया गया है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से सभी सनातनी धर्म-कर्म के साथ पुण्य के सहभागी बनते हैं।
इस मौके पर कांग्रेस नेता व टीवी पैनलिस्ट संदीप त्रिपाठी ने कहा कि माघ कुंभ/माघ मेला भारतीय संस्कृति और आस्था का जीवंत प्रतीक है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु संगम में स्नान कर अन्नदान करते हैं, जो प्रयाग की प्राचीन परंपरा रही है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आश्रम के सेवादार अमित शुक्ला, नितिन महाराज, अमन महाराज, गगनदीप त्रिपाठी, मोहित, आलोक, प्राची, तनिष्का, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हाईकोर्ट अधिवक्ता एस.पी. मिश्रा, संतोष पाण्डेय, बिजेंद्र मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।












