कड़े रुख में डीएम डॉ. अंकुर लाठर: लिंक एक्सप्रेसवे के काम में लापरवाही पर दो लेखपाल तत्काल प्रभाव से निलंबित

कड़े रुख में डीएम डॉ. अंकुर लाठर: लिंक एक्सप्रेसवे के काम में लापरवाही पर दो लेखपाल तत्काल प्रभाव से निलंबित

मंडल संवाददाता अमित चौहान

फर्रुखाबाद, 16 मई 2026: जनपद में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि क्रय और अर्जन कार्यों में लापरवाही बरतने वालों पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कार्य के प्रति शिथिलता और लापरवाही बरतने के दोषी पाए जाने पर डीएम ने लेखपाल नीवकरौरी प्रवीन दुबे तथा लेखपाल मदनपुर महेश्वर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।जिलाधिकारी ने बैठक में विभिन्न ग्रामों में भूमि खरीद एवं अभिलेखीय कार्यों की प्रगति का बिंदुवार परीक्षण किया। समीक्षा के दौरान सामने आया कि कुछ राजस्व कर्मी कार्य को अपेक्षित गति और गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिससे अत्यंत महत्वपूर्ण भूमि क्रय प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। डीएम ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि क्रय से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ काम करें। किसानों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर भूमि संबंधी कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए, ताकि परियोजना में कोई अनावश्यक विलंब न हो। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की मॉनिटरिंग करने और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार काम पूरा कराने की हिदायत दी है। इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उपजिलाधिकारी सदर और तहसीलदार सदर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें