जनपद एटा में संगीता सिंह ने तहसील सदर एवं कलेक्ट्रेट का किया निरीक्षण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
संवाददाता योगेन्द्र सिंह

जिला निर्वाचन कार्यालय कक्ष के जीर्णोद्धार का लोकार्पण, ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान सिस्टम का शुभारंभ
बहुउद्देशीय हाल, शेड व बेंच निर्माण कार्य का शिलान्यास
एटा, 21 फरवरी 2026 (सू0वि0)। संगीता सिंह, मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल द्वारा आज जनपद एटा में तहसील सदर एवं कलेक्ट्रेट परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व अभिलेखागार, भूलेख अनुभाग, संयुक्त कार्यालय, उप जिलाधिकारी (एसडीएम) न्यायालय, अपर जिलाधिकारी (एडीएम) न्यायालय, नजारत, स्थानीय निकाय अनुभाग, शस्त्र अनुभाग सहित विभिन्न कार्यालयों का अवलोकन किया तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं कार्यों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने विशेष रूप से पुराने एवं लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का पारदर्शी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की आख्या रजिस्टर में अनिवार्य रूप से अंकित करने तथा गन शॉप्स की नियमित चेकिंग कराने के निर्देश दिए। राजस्व अभिलेखागार के प्रतिलिपिक अभिलेखों का सत्यापन सावधानीपूर्वक निरीक्षण के उपरांत करने को कहा।
होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए सहायक आयुक्त खाद्य को बाजारों में सघन जांच अभियान चलाने, मिलावटखोरों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने विभिन्न पटल का अवलोकन कर पत्रावलियों एवं अभिलेखों को अद्यतन एवं सुरक्षित रखने पर बल दिया। उन्होंने अभिलेखों के डिजिटलीकरण एवं सुव्यवस्थित संधारण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मंडलायुक्त द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय कक्ष के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया गया। साथ ही विनियमित क्षेत्र में ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली के सक्रिय होने से भवन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं त्वरित होगी।
कलेक्ट्रेट परिसर में महिलाओं हेतु पिंक टॉयलेट का शुभारंभ भी उनके कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। साथ ही प्रस्तावित बहुउद्देशीय हाल तथा परिसर में शेड एवं बेंच स्थापना के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। मंडलायुक्त ने कहा कि इन सुविधाओं से आमजन, अधिवक्ताओं एवं वादकारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। निरीक्षण उपरांत जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने आश्वस्त किया कि मंडलायुक्त द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) लालता प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश मौर्य, उप जिलाधिकारी सदर विपिन कुमार मोरल, अपर उप जिलाधिकारी अनवर राशिद फारूकी, पीयूष रावत, श्वेता सिंह, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय, नायब तहसीलदार वाजिद हुसैन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












