“खम्हरिया में ट्रक ड्राइवर पर आधी रात हमला : लूट के इरादे से शीशे तोड़े, डंडों से बरसाए वार, 24 घंटे में पुलिस ने दबोचे 2 आरोपी”
जिला संवाददाता : ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। जिले के थाना खम्हरिया क्षेत्र में ट्रक चालक के साथ लूटपाट की नीयत से मारपीट और तोड़फोड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आधी रात ट्रक में सो रहे चालक पर दो युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने ट्रक के शीशे तोड़ते हुए डंडे से हमला किया, अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देकर रुपए की मांग की। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजकरन पाल (45 वर्ष) निवासी चित्रकूट (उत्तरप्रदेश) 14 मई 2026 को ट्रक क्रमांक MH 18 BG 2246 में शक्कर लोड कर थान खम्हरिया पहुंचा था। रात अधिक होने और मजदूर नहीं मिलने के कारण उसने ट्रक को सिल्हाटी चौक के पास खड़ा कर वहीं विश्राम किया। इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे दो युवक वहां पहुंचे और लूटपाट करने के इरादे से ट्रक के सामने के ग्लास और साइड ग्लास में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोपियों ने डंडा अंदर डालकर चालक को धक्का दिया और रुपए की मांग करते हुए गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे चालक के सिर, छाती और हाथ में चोटें आईं। घटना में ट्रक के शीशे टूटने से लगभग 60 हजार रुपए का नुकसान बताया गया है। घटना के दौरान आसपास मौजूद स्थानीय युवकों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। मामले की शिकायत पर थाना खम्हरिया में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी भूषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना खम्हरिया पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शेषनारायण मिश्रा उर्फ सुल्लु (23 वर्ष) और मिथलेश पाल उर्फ मिट्ठु पाल (19 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 15 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक ओंकार प्रसाद साहू, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लहरे, आरक्षक बलदेव निषाद, अशरफी खान, मुकेश चंद्रवंशी, लोकेश्वर साहू सहित थाना खम्हरिया पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।












