असरौली में रात के सन्नाटे में चोरी, नकदी-जेवर समेत मोबाइल ले उड़े बदमाश।
संवाददाता अमन अहमद।
एटा। जनपद एटा के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र स्थित असरौली गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी, जेवरात और मोबाइल फोन चोरी कर लिए। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार को चोरी की जानकारी सुबह उस समय हुई जब गृहस्वामी की नींद खुली और कमरे का सामान बिखरा हुआ मिला।जानकारी के अनुसार, असरौली निवासी इंदरजीत रात में घर के अंदर एयर कंडीशनर चलाकर सो रहे थे, जबकि उनकी मां घर के बाहर सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस आए और बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दे गए। परिवार के किसी सदस्य को चोरी की भनक तक नहीं लगी। चोरों ने घर में रखे बक्सों और अलमारियों को खंगाला तथा कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। पीड़ित इंदरजीत के मुताबिक चोर घर से करीब 20 हजार रुपये की नकदी, तीन मोबाइल फोन, एक सोने की चेन, एक अंगूठी तथा चांदी की पायल चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोगों ने सामान अस्त-व्यस्त देखा तो घटना का पता चला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मौके से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम को जांच में लगाया गया है। चौकी प्रभारी अभिषेक वत्सल ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस आसपास के संदिग्ध व्यक्तियों और संभावित मार्गों की भी जांच कर रही है।












