एटा: रानी अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में ट्रॉमा सेंटर व विशेषज्ञ डॉक्टरों की मांग, उद्योग व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन
संवाददाता मुकेश कुमार
एटा जनपद में रानी अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज को लेकर उद्योग व्यापार मंडल ने बड़ी मांग उठाई है। एटा नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में व्यापार मंडल ने मेडिकल कॉलेज में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को शीघ्र दूर करने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज से जिले के लगभग 5000 गांवों की आबादी को सीधा लाभ मिल रहा है, लेकिन ट्रॉमा सेंटर और विशेषज्ञ सेवाओं के अभाव में गंभीर मरीजों को अब भी बाहर के जिलों में रेफर करना पड़ता है। व्यापार मंडल का कहना है कि यदि मेडिकल कॉलेज में आधुनिक सुविधाएं और ट्रॉमा सेंटर स्वीकृत होकर पूरी तरह संचालित हो जाता है, तो दुर्घटना और गंभीर बीमारी के मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और जान-माल की हानि में कमी आएगी।
उद्योग व्यापार मंडल ने प्रशासन से इस मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें। ज्ञापन सौंपते समय व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।












