जनता समाधान शिविर में 20 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण का आदेश।
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत हरियाणा।
फैमिली आईडी, पेंशन और पंचायत से जुड़ी समस्याओं पर प्रशासन सख्त, शिविर में सुनी गईं शिकायतें आमजन की समस्याओं के समाधान का सशक्त मंच बन रहा जनता समाधान शिविर सीईओ डॉ. किरण ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश जनता समाधान शिविर में सुनी गईं आमजन की समस्याएं 20 शिकायतों पर अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश
पानीपत, 12 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह के मार्गदर्शन तथा उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया के निर्देशानुसार जिला सचिवालय सभागार में आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनते जा रहे हैं। गुरुवार को आयोजित शिविर में सीईओ डॉ. किरण ने नागरिकों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीईओ डॉ. किरण ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनता समाधान शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को एक ही स्थान पर सुनकर उनका त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। गुरुवार को शिविर में कुल 20 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें मुख्य रूप से फैमिली आईडी में आय संशोधन, पुलिस विभाग, जीएम रोडवेज, पंचायत विभाग तथा अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं। अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीडीपीओ राजेश शर्मा ने कहा कि पंचायत विभाग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जा रहा है और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि जनता समाधान शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनका समाधान करने में काफी मदद मिल रही है। शिविर के दौरान सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन गुलशन तलवार ने टोल प्लाजा के बस स्टॉप पर यात्रियों की सुविधा के लिए शेड बनवाने का अनुरोध किया। एक प्रार्थी ने पुलिस प्रशासन से अपनी शिकायत के समाधान की मांग की। वहीं शिकायतकर्ता यशपाल ने सचिवालय परिसर से वाहन चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ प्रशासन से कार्रवाई करने का अनुरोध किया। इसके अलावा एक अन्य प्रार्थी ने फार्मर आईडी बनवाने के लिए आवेदन किया, जबकि दिव्यांग सतेंद्र ने फैमिली आईडी में दर्ज आय को कम करने की प्रार्थना की, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।












