जलेसर तहसील फिर विवादों में, तहसीलदार की पुनः तैनाती से वकील नाराज़
संवाददाता – योगेंद्र सिंह: एटा। जनपद की जलेसर तहसील एक बार फिर विवादों में घिर गई है। 3 जून 2024 को वकीलों की हड़ताल के बाद हटाए गए तहसीलदार संदीप सिंह को प्रशासन द्वारा पुनः जलेसर भेजे जाने से अधिवक्ताओं में रोष फैल गया है। वकीलों ने इस फैसले का कड़ा विरोध करते हुए तहसीलदार न्यायालय का बहिष्कार शुरू कर दिया है। आज इस बहिष्कार का पांचवां दिन है और स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है।
स्थानीय अधिवक्ता संघ का आरोप है कि तहसील जलेसर में अधिकारियों व कर्मचारियों की बार-बार अदला-बदली से वादकारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वकीलों का कहना है कि जिलाधिकारी ने तहसील को “प्रयोगशाला” बना दिया है, जहां कभी भी किसी का भी तबादला कर दिया जाता है, जिसका सीधा नुकसान न्याय के लिए आने वाली आम जनता को हो रहा है।
अधिवक्ताओं ने मांग की है कि तहसीलदार संदीप सिंह की पुनः तैनाती को तत्काल रद्द किया जाए और तहसील में स्थायित्व लाया जाए ताकि न्यायिक प्रक्रिया सामान्य रूप से संचालित हो सके। इधर, प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी की निगाहें प्रशासन की अगली रणनीति पर टिक गई हैं।
ये भी पढ़ें हाथी को लेकर फंसा महावत, दस्तावेज न दिखाने पर वन विभाग ने किया जब्त












