24 घंटे के भीतर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चाकू, मोबाइल और बाइक जब्त
बेमेतरा। जिले में तेज़ पुलिस कार्रवाई के तहत एक जानलेवा हमले के आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी देवेन्द्र शर्मा ने पारिवारिक रंजिश के चलते अपने ससुर और पत्नी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामचरण शुक्ला (उम्र 72 वर्ष), निवासी ग्राम बाबा मोहतरा, बुधवार दोपहर अपनी पुत्री ममता शर्मा (उम्र 38 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बेमेतरा से ग्राम बावा मोहतरा लौट रहे थे। करीब 3:15 बजे ग्राम बावा मोहतरा में आरोपी देवेन्द्र शर्मा मोटरसाइकिल से पहुंचा और रास्ते में उन्हें रोककर पारिवारिक विवाद के चलते दोनों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
घटना में दोनों घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याया संहिता की धारा 109 (1), 3 (5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह और एसडीओपी बेमेतरा मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली प्रभारी उप निरीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र शर्मा (उम्र 47 वर्ष), निवासी गुंजेरा, चौकी मारो, थाना नांदघाट, जिला बेमेतरा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल (सीजी 28 पी 2170) समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए।
आरोपी को 03 जुलाई 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली बेमेतरा के थाना प्रभारी उप निरीक्षक मयंक मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक मोहन साहू, कृष्ण कुमार क्षत्री, प्रधान आरक्षक रघुराज यदु, आरक्षक राहुल यादव, मोती जायसवाल, निरंजन वैष्णव सहित अन्य पुलिसकर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।
ये भी पढ़ें AIIMS ट्रॉमा सेंटर के पास ट्रांसफॉर्मर में लगी आग, दमकल गाड़ियों ने पाया काबू












