कासगंज: अनियंत्रित कार HT लाइन के पोल से टकराई, भीषण आग से मची अफरा-तफरी

कासगंज: अनियंत्रित कार HT लाइन के पोल से टकराई, भीषण आग से मची अफरा-तफरी

मंडल संवाददाता अमित चौहान  कासगंज। जनपद कासगंज के गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिकहरा गांव के समीप उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईटेंशन (HT) लाइन के बिजली पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक सामने अचानक आए एक साइकिल सवार को बचाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे लगे HT लाइन के पोल से जा भिड़ी। पोल से टकराते ही चिंगारी उठी और कुछ ही क्षणों में कार में आग भड़क उठी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए जलती हुई कार के पास पहुंचकर चालक को बाहर निकाला। आग की लपटें तेज होने के बावजूद लोगों ने हिम्मत दिखाकर चालक की जान बचा ली। बताया जा रहा है कि चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।

सूचना मिलते ही गंजडुंडवारा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम ने भी तत्काल पहुंचकर आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग आसपास के क्षेत्र में फैलने से बच गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते चालक को बाहर न निकाला जाता तो जनहानि हो सकती थी।

ये भी पढ़ें बाबा देवघाट महादेवन धाम में बृजेश गिरी द्वारा जबरिया करा रहे अवैध निर्माण को पुलिस ने रुकवाया

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें