“समय पर ताला, कई दिनों से बंद दफ्तर! बेमेतरा नाप-तोल विभाग पर उठे सवाल”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा जिले के ब्राह्मण पारा स्थित विधिक माप विज्ञान (नाप-तोल) विभाग का कार्यालय बुधवार, 22 अप्रैल 2026 को शाम लगभग 4:00 बजे बंद पाया गया। निर्धारित कार्यालयीन समय के भीतर ही मुख्य द्वार पर ताला लटका होने से वहां पहुंचे नागरिकों और व्यापारियों को निराश होकर लौटना पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, वे तौल मशीन सत्यापन, लाइसेंस नवीनीकरण और अन्य कार्यों के लिए पहुंचे थे, लेकिन कार्यालय बंद होने के कारण उनका काम नहीं हो सका। कई लोगों ने बताया कि वे दूरदराज क्षेत्रों से आए थे, जिससे उनका समय और खर्च दोनों व्यर्थ हो गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या एक दिन की नहीं है। उनके अनुसार, पिछले तीन-चार दिनों से कार्यालय लगातार बंद मिल रहा है और कभी-कभार ही खुलता है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नाप-तोल विभाग बाजार व्यवस्था से जुड़ा अहम विभाग है, ऐसे में इसकी अनियमितता सीधे व्यापार को प्रभावित करती है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाते हैं।












