माहौल बिगाड़ने की साजिश — मंदिर के बाहर लगाया गया पाकिस्तानी झंडा

माहौल बिगाड़ने की साजिश — मंदिर के बाहर लगाया गया पाकिस्तानी झंडा

संवाददाता सुरेश राय, लुधियाना: देश विरोधी ताकतों द्वारा सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की नापाक कोशिशें जारी हैं। इसी क्रम में लुधियाना के हैबोवाल इलाके में स्थित एक हनुमान मंदिर के बाहर पाकिस्तानी झंडा लगाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही लोगों ने मंदिर के मुख्य द्वार के पास पाकिस्तानी झंडा देखा, मौके पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई। लोगों में आक्रोश फैल गया और वे दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में लिया और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में आरोपी की पहचान लुधियाना निवासी विक्रम आनंद के रूप में हुई, जिसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया।

मंदिर कमेटी के प्रमुख ऋषि जैन ने बताया कि शाम लगभग 5 बजे दो अज्ञात युवक स्कूटी पर आए और मंदिर के सामने झंडा लगाकर फरार हो गए। वहीं, मंदिर के पदाधिकारी अनुज मदन ने कहा कि हर मंगलवार को मंदिर में विशेष पूजा होती है, ऐसे में इस हरकत का मकसद इलाके की शांति भंग करना हो सकता है।

थाना हैबोवाल के एसएचओ रामकृष्ण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह हरकत हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में की गई या फिर पाकिस्तान के समर्थन में।

ये भी पढ़ें तेज आंधी-बारिश से दिल्ली-NCR बेहाल, जगह-जगह जलभराव

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें