“सनातन धर्म के अपमान पर भड़के मनीष वर्मा: बेमेतरा में शिवसेना का उग्र प्रदर्शन, उदयनिधि स्टालिन का फूंका पुतला!”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म विरोधी बयान के खिलाफ शिव सेना ने प्रदेशभर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के निर्देश पर बेमेतरा के सिग्नल चौक में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन करते हुए उदयनिधि स्टालिन का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। दुर्ग संभाग कार्यकारिणी सदस्य मनीष वर्मा ने कहा कि सनातन धर्म भारत की संस्कृति, आस्था और परंपरा की पहचान है। इसके खिलाफ लगातार अपमानजनक बयान देकर करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है, जिसे शिवसेना किसी भी स्थिति में सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज और सनातन संस्कृति का अपमान करने वालों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष लगातार जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान “सनातन धर्म का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “उदयनिधि स्टालिन मुर्दाबाद” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। विरोध प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने उदयनिधि स्टालिन का पुतला दहन कर कड़ी नाराजगी जताई। इस अवसर पर जिला प्रभारी परमेश्वर साहू, विधानसभा अध्यक्ष विजय सेन, नगर अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष निक्कू गुप्ता, नवागढ़ विधानसभा प्रभारी योगेश वर्मा, बेरला विधानसभा प्रभारी राजू यादव, नगर सचिव तिलक साहू, जिला सचिव सुंदरलाल पाठक सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।












