नई दिल्ली निवासी साला निकला हामिद हत्याकांड का मास्टरमाइंड
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
एटा। शहर के मारहरा दरवाजा निवासी भाजपा नेता एवं सभासद कफील अहमद के भाई हामिद अली उर्फ पप्पू की हत्या का जीआरपी ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक आरोपी गजानंद पिप्पल उर्फ संजय को रेलवे अंडरपास तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है, जिसके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद हुई है। जांच में पता चला कि सभासद के साले खालिद निवासी सुंदरनगरी, दिल्ली की हामिद से पारिवारिक कहासुनी चल रही थी। कफील की बेटी के निकाह को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ा था। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश में खालिद ने अपने साथी गजानंद के साथ मिलकर 8 नवंबर को रेलवे स्टेशन के गुड्स प्लेटफॉर्म पर हामिद की गोली मारकर हत्या कर दी।
एसएसपी श्याम नारायण सिंह के निर्देशन में सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और घटनास्थल निरीक्षण के आधार पर पुलिस ने मामले का मुकम्मल खुलासा किया। पकड़े गए आरोपी पर दिल्ली में चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं। मुख्य आरोपी खालिद की तलाश जारी है।












