पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, हीरापुर गांव में दो पक्षों में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट
संवाददाता:पंकज मिश्रा कुरावली थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट की इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित पक्ष के विकास यादव ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उन्हें रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से हमला किया। जब परिजन बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे कई लोग चोटिल हो गए।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि इसी गांव में 1 जनवरी को क्रिकेट खेलने के विवाद को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, तभी से तनाव बना हुआ था, जो अब हिंसक रूप में सामने आया।
फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, एसपी ने किया पैदल गश्त













