दिनांक: 15 जुलाई, 2026 गाजियाबाद मुरादनगर ब्लॉक में दिव्यांगजनों हेतु सहायक उपकरण चिन्हांकन शिविर आयोजित, 48 लाभार्थियों का हुआ चिन्हांकन,श्री अंशुल चौहान
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
गाजियाबाद। जिलाधिकारी महोदय श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशों के क्रम में जनपद गाजियाबाद में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु संचालित विशेष चिन्हांकन अभियान के अंतर्गत आज मुरादनगर ब्लॉक परिसर में चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, गाजियाबाद श्री अंशुल चौहान ने बताया कि शिविर में 80 प्रतिशत से कम दिव्यांगता वाले पात्र दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर एवं अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाने हेतु चिन्हांकन किया गया। आज आयोजित शिविर में कुल 48 दिव्यांगजनों का विभिन्न सहायक उपकरणों हेतु चिन्हांकन किया गया। उन्होंने बताया कि मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल एवं इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर के अतिरिक्त सामान्य व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), बैसाखी, कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर, लेप्रोसी किट, ब्रेल किट, एमआर किट तथा अन्य आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए भी पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया जा रहा है। जिन दिव्यांगजनों को इन उपकरणों की आवश्यकता है, वे आगामी शिविरों में आवश्यक अभिलेखों सहित उपस्थित होकर अपना चिन्हांकन करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि 80 प्रतिशत से कम दिव्यांगता वाले पात्र दिव्यांगजनों के साथ-साथ 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले ऐसे पात्र दिव्यांगजन भी शिविर में अपना चिन्हांकन करा सकते हैं, जिन्हें पूर्व में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे पात्र लाभार्थियों का भी नियमानुसार चिन्हांकन किया जाएगा। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल हेतु पात्रता के संबंध में उन्होंने बताया कि लाभार्थी की आयु 16 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। लाभार्थी को पूर्व में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्राप्त न हुई हो तथा पिछले तीन वर्षों में एलिमको द्वारा कोई अन्य सहायक उपकरण प्राप्त न किया हो। उन्होंने बताया कि आवेदन हेतु आधार कार्ड, UDID कार्ड एवं आय प्रमाण पत्र आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थियों के लिए ग्राम प्रधान के लेटरपैड पर प्रमाणित आय प्रमाण पत्र तथा शहरी क्षेत्र के लाभार्थियों के लिए वार्ड सदस्य/सभासद के लेटरपैड पर प्रमाणित आय प्रमाण पत्र भी मान्य होगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थियों की वार्षिक आय ₹46,080 तथा शहरी क्षेत्र के लाभार्थियों की वार्षिक आय ₹56,460 से अधिक नहीं होनी चाहिए। श्री चौहान ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में लोनी नगर पालिका परिषद परिसर में 45 दिव्यांगजनों, दूसरे चरण में भोजपुर ब्लॉक परिसर में 105 दिव्यांगजनों तथा आज मुरादनगर ब्लॉक परिसर में 48 दिव्यांगजनों का विभिन्न सहायक उपकरणों हेतु चिन्हांकन किया गया। उन्होंने जनपद के समस्त पात्र दिव्यांगजनों से अपील की कि वे 16 एवं 17 जुलाई, 2026 को विकास भवन, गाजियाबाद परिसर में आयोजित चिन्हांकन शिविर में आवश्यक अभिलेखों सहित उपस्थित होकर शासन द्वारा संचालित इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।












