शादी में जा रहे युवक की दर्दनाक मौत: अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान, गांव में पसरा मातम

शादी में जा रहे युवक की दर्दनाक मौत: अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान, गांव में पसरा मातम

स्टेट ब्यूरो चीफ विष्णु रावत

फिरोजाबाद के खैरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित जरौली गांव निवासी 27 वर्षीय आकाश चौहान की आगरा-भरतपुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, आकाश चौहान पुत्र हरपाल सिंह अपनी मोटरसाइकिल से आगरा होते हुए भरतपुर जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह अपने साले के दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए निकला था। इसी दौरान आगरा-भरतपुर मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग बदहवास हो उठे, जबकि पूरे गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने बताया कि आकाश बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव का युवक था। उसकी असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है। आकाश का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व शिल्पी के साथ हुआ था। परिवार में पत्नी के अलावा तीन वर्षीय मासूम बेटी प्रिया है। पिता की मौत के बाद मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया। यह दृश्य देखकर गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं। जब युवक का शव गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं दहाड़ें मारकर रो रही थीं, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे गांव में गमगीन माहौल बना रहा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें