जनपद एटा में जलेसर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा के जलेसर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की जेब से एटा जाने वाली ट्रेन की टिकट बरामद हुई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह एटा की ओर यात्रा करने वाला था। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। वह सफेद शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पहने हुए था। फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। जीआरपी पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का परिजन लापता हो तो संबंधित थाने या जीआरपी चौकी से संपर्क करें।












