अवैध संबंध में आ रही थी रुकावट, प्रेमी संग मिलकर विवाहिता ने पति की कर दी हत्या
- ससुराल आए पति की गर्दन काटकर ली गई जान, 6 लोगों पर हत्या का आरोप
बलरामपुर, उत्तर प्रदेश: जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति की एक विवाहिता ने प्रेमी संग मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। मामला बलरामपुर के एक गांव का है, जहां उमा देवी नामक महिला ने अपने प्रेमी जितेंद्र और उसके पांच साथियों की मदद से अपने पति हरेंद्र की गला रेत कर हत्या करवा दी।
जानकारी के अनुसार, उमा देवी पिछले छह वर्षों से अपने ही गांव के युवक जितेंद्र के साथ प्रेम संबंध में थी। वह जितेंद्र से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार की मर्जी के खिलाफ उसकी शादी हरेंद्र से कर दी गई। शादी के बाद भी उमा का जितेंद्र से संबंध बना रहा। पति हरेंद्र को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर एक खौफनाक साजिश रची।
हाल ही में उमा देवी के भाई की शादी थी, जिसमें हरेंद्र ससुराल आया हुआ था। इसी दौरान पहले से तय योजना के तहत जितेंद्र ने मुकेश, सचिन, अखिलेश, संतोष और मुकेश साहू के साथ मिलकर हरेंद्र की गर्दन काटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। इस खौफनाक हत्याकांड ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।
ये भी पढ़ें कौशाम्बी: DREAM11 ने बदली किसान के बेटे की किस्मत, मंगल सरोज ने जीते 4 करोड़ रुपये












