सोनपुर भाभर–भवनडीह मार्ग पर जलभराव से आवागमन बाधित, राहगीरों को हो रही भारी परेशानी
बलरामपुर। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण गैंसरी विधानसभा क्षेत्र के सोनपुर भाभर–भवनडीह मार्ग पर पुल के पास भारी जलभराव हो गया है। सड़क पर पानी भर जाने से मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो गई है और जगह-जगह गड्ढे बनने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जलभराव के कारण बाइक, कार, बस तथा अन्य चार पहिया वाहनों के आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी में गड्ढे दिखाई न देने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। कई वाहन चालक सावधानीपूर्वक निकलने को मजबूर हैं, जिससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए तथा सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन सुचारु बनाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें भारतीय हलधर किसान यूनियन में भारतीय किसान यूनियन (एकता) का विलय, सोनू सिंह सिकरवार की हुई घर वापसी












