लक्ष्मीनारायण राठी आत्मानंद विद्यालय में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। लक्ष्मीनारायण राठी आत्मानंद विद्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने फलदार पौधे का रोपण किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार डडसेना ने विद्यार्थियों को पौधों के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। विद्यालय परिसर को हरा-भरा रखने के लिए छात्र-छात्राओं की सहभागिता आवश्यक है। इस अवसर पर सभापति गौरव साहू, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उन्हें सुरक्षित रखने तथा नियमित पानी और देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।पौधारोपण के माध्यम से विद्यालय परिसर में पर्यावरण जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया गया और विद्यार्थियों ने भी पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।












