प्रयागराज: चेन स्नेचिंग के दौरान सड़क पर गिरी महिला, गले में गंभीर चोट
प्रयागराज। गंगानगर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को चेन स्नेचिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। नो एंट्री के पास अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने तेरहवीं संस्कार से लौट रही एक विधवा महिला के गले से सोने की चेन लूटने का प्रयास किया। छीना-झपटी के दौरान महिला बाइक से सड़क पर गिर गई, जिससे उसके गले और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घायल महिला की पहचान किरण देवी, पत्नी स्व0 रामजी, निवासी नसीरपुर (नवाबगंज) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी माँ की तेरहवीं के कार्यक्रम से लौट रही थीं। बाइक उनके रिश्तेदार विकास (निवासी इस्माइलपुर) चला रहे थे, जो उन्हें नसीरपुर छोड़ने जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपाचे बाइक पर सवार बदमाशों ने अचानक महिला के गले की चेन झपट ली। इस दौरान चेन का एक हिस्सा महिला के हाथ में रह गया, जबकि दूसरा हिस्सा बदमाश लेकर फरार हो गए। छीना-झपटी में महिला के गले में गंभीर घाव हो गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को पहले सीएचसी कौड़िहार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्रयागराज (इलाहाबाद) के अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है।












