जनगणना 2027 की तैयारियां तेज: उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया
1 मई 2026 से शुरू होगा पहला चरण।
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत हरियाणा
पानीपत, 26 फरवरी। जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण ‘हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस’ 1 मई 2026 से प्रारंभ होगा। उपायुक्त डॉ.दहिया ने बताया कि जनगणना 2027 के लिए ग्रामीण-शहरी फ्रेम को अंतिम रूप दे दिया गया है। उपायुक्त डॉ. दहिया ने बताया कि जनगणना कार्य शहरी मानकों के अनुसार किया जाएगा। संबंधित तहसीलदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सेंसस टाउन में एन्यूमरेशन ब्लॉक्स (गणना खंड) का विधिवत गठन करें। उपायुक्त डॉ दहिया ने बताया कि शहरी समुच्चय के अंतर्गत आने वाले ‘आउट ग्रोथ’ क्षेत्रों में गणना खंडों का निर्माण शहरी चार्ज अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। इन क्षेत्रों की हाउस लिस्टिंग रिकॉर्ड अलग से संधारित किए जाएंगे, ताकि शहरी विस्तार का सटीक आकलन हो सके। उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि चार्ज रजिस्टर की तैयारी तथा हाउस लिस्टिंग कार्य के संचालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करना सुनिश्चित करें। उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की आधारशिला है। सटीक आंकड़ों के आधार पर ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, आधारभूत संरचना और सामाजिक योजनाओं की प्रभावी रूपरेखा तैयार की जाती है। जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी विभागों के समन्वय से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।












