पानीपत में यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर में युवाओं को समाज सेवा, सड़क सुरक्षा व रक्तदान के लिए किया प्रेरित
जिला क्राइम रिपोर्टर: सागर गोयल
पानीपत, हरियाणा
जिला उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के कुशल मार्गदर्शन में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पानीपत के तत्वावधान में सनातन धर्म कॉलेज के प्रांगण में आयोजित पांच दिवसीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्य अतिथि का स्वागत प्राचार्या डॉ. अनुपम्म अरोड़ा, शिविर निदेशक हरमेश चंद, यूथ रेडक्रॉस काउंसलर राकेश गर्ग व अन्य स्टाफ सदस्यों ने पुष्पगुच्छ व फूलमालाओं से किया। अंकुश मिगलानी ने दीप प्रज्वलित कर रेडक्रॉस के संस्थापक Henri Dunant को श्रद्धांजलि अर्पित की।
युवाओं को दी समाज सेवा की सीख अंकुश मिगलानी ने अपने संबोधन में कहा कि आज की युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और उन्हें देश सेवा, सड़क सुरक्षा नियमों की पालना, नशामुक्ति, स्वैच्छिक रक्तदान तथा सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि हेनरी ड्यूनां के पदचिन्हों पर चलकर समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों की एक जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा, नशे से दूर रहने और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना था। रैली विभिन्न बाजारों से होती हुई पुनः कॉलेज परिसर पहुंची। मुख्य अतिथि ने वक्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। 17 संस्थानों के 140 प्रतिभागियों ने लिया भाग रेडक्रॉस सचिव गौरव राम करण ने बताया कि शिविर में 17 विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लगभग 140 प्रतिभागियों ने भाग लिया। शिविर के दौरान पर्यावरण सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव, बच्चों एवं महिलाओं के अधिकार, पोक्सो एक्ट, अंगदान और करियर काउंसलिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि समापन समारोह में उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान करेंगे।
बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं अंकुश मिगलानी: प्राचार्या
प्राचार्या डॉ. अनुपम्म अरोड़ा ने कहा कि शिविर के दौरान दी जा रही जानकारी अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने बताया कि अंकुश मिगलानी के एक वर्ष के कार्यकाल में रेडक्रॉस व सेंट जॉन संस्था ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं, जिससे संस्था आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। उन्होंने मुख्य अतिथि को बहुमुखी प्रतिभा का धनी बताते हुए युवाओं को उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
फायर सेफ्टी, एचआईवी जागरूकता व करियर मार्गदर्शन पर विशेष सत्र शिविर निदेशक हरमेश चंद ने बताया कि प्रोफेसर पंकज चौधरी ने करियर काउंसलिंग पर विस्तार से जानकारी दी और युवाओं को नौकरी के साथ-साथ स्टार्टअप अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नीलिमा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण का संदेश दिया। सुदेश कुमारी (प्रोजेक्ट मैनेजर, रेडक्रॉस पानीपत) एवं रविंद्र (स्वास्थ्य विभाग, पानीपत) ने एचआईवी एवं एड्स के बारे में जागरूक किया और बताया कि एड्स छूने या बातचीत से नहीं फैलता, बल्कि जागरूकता ही बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है। सोनिया शर्मा ने महिलाओं के अधिकारों पर कानूनी जानकारी दी। फायर ऑफिसर विकास शर्मा ने अग्नि सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए गैस सिलेंडर से लगने वाली आग से बचाव का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया, जिसे प्रतिभागियों ने खूब सराहा। 


कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं रिसोर्स पर्सन को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने शिविर में दी गई ज्ञानवर्धक जानकारी की सराहना की। इस अवसर पर विभिन्न कॉलेजों के यूथ रेडक्रॉस काउंसलर, रेडक्रॉस स्टाफ व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।












