महाशिवरात्रि की तैयारी जोरों पर, बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर में होगा भव्य विवाह उत्सव

महाशिवरात्रि की तैयारी जोरों पर, बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर में होगा भव्य विवाह उत्सव

जमुई (बिहार) / सिकंदरा प्रखंड: बिहार राज्य के जमुई जिला अंतर्गत सिकंदरा प्रखंड स्थित महादेव सिमरिया में श्री श्री 108 बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सनातन धर्मावलंबियों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

बताया जाता है कि इस प्राचीन मंदिर की स्थापना लगभग 200 वर्ष पूर्व गिद्धौर महाराज श्री पूरन चंद सिंह द्वारा की गई थी। लोकमान्यता के अनुसार महाराज शिव के अनन्य भक्त थे और उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव की प्रेरणा से इस मंदिर की स्थापना हुई। श्रद्धालुओं के बीच यह भी मान्यता है कि यह मंदिर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम का उप-लिंग स्वरूप है। बाबा बैद्यनाथ में की गई मनौती की अनुशंसा बाबा धनेश्वर नाथ द्वारा किए जाने की आस्था भी प्रचलित है।

ऐतिहासिक परंपरा के अनुसार मंदिर की साफ-सफाई एवं रखरखाव की जिम्मेदारी प्रारंभ से ही कुंभकार समाज को सौंपी गई थी, जबकि वैदिक अनुष्ठानों के लिए ब्राह्मणों की नियुक्ति की गई। यह परंपरा आज भी निर्वाह की जा रही है।

मंदिर न्याय समिति के सचिव श्री प्रवीण चंद्र पाठक ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर विवाह उत्सव पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा। पहले दिन मंडप कार्यक्रम होगा, जिसमें वैवाहिक विधियों का पालन किया जाएगा। दूसरे दिन शिव बारात निकाली जाएगी, जिसमें मंगल गीत, ढोल-नगाड़ों और भव्य झांकियों के साथ बारात आगमन से लेकर विवाह की समस्त रस्में संपन्न होंगी। भगवान शंकर एवं अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी।

महाशिवरात्रि के अवसर पर दूर-दूर से श्रद्धालु बाबा के विवाह उत्सव में शामिल होने पहुंचते हैं। पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और मेले का आयोजन किया जाएगा। सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारी पूरी कर ली गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंदिर न्याय समिति के पदेन अध्यक्ष अनुमंडल पदाधिकारी होते हैं, जिनके निर्देशन में सभी व्यवस्थाएं संपन्न की जाती हैं। स्थानीय लोगों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।

सचिव श्री प्रवीण चंद्र पाठक ने बताया कि मेले की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं को समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेला व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि आयोजन को और भी बेहतर एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

ये भी पढ़ें स्कूल की खबर चलाना पत्रकार को पड़ा भारी, गुरुजी ने दी हाथ-पैर तोड़ने की धमकी!

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें