हाथरस में पुलिस विभाग में फेरबदल: तीन सीओ के कार्यक्षेत्र बदले
संवाददाता अश्वनी कुमार जिला हाथरस
हाथरस में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने तीन क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, सीओ सिकंद्राराऊ रहे जयेन्द्र नाथ अस्थाना को अब सीओ सादाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके अधीन सादाबाद, सहपऊ, चंदपा और मुरसान थाने रहेंगे। उन्हें अपने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने और सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, हिमांशु माथुर को सीओ सिकंद्राराऊ बनाया गया है। उनके कार्यक्षेत्र में सिकंद्राराऊ, हाथरस जंक्शन और हसायन थाने शामिल होंगे। उन्हें क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के साथ अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, सीओ सादाबाद रहे अमित पाठक को अब क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास रिक्रूट आरक्षी भर्ती, प्रशिक्षण और यातायात व्यवस्था की कमान भी रहेगी। साथ ही, उन्हें पुलिस लाइन में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, साइबर अपराधों पर नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का दायित्व दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यह फेरबदल जिले में बेहतर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यक्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है।












