जैतपुर में गूंजा ‘स्कूल चलो अभियान’, विधायक विकास गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी—मेधावी छात्र हुए सम्मानित

जैतपुर में गूंजा ‘स्कूल चलो अभियान’, विधायक विकास गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी—मेधावी छात्र हुए सम्मानित

संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य

बहुआ, फतेहपुर। विकास खंड बहुआ के प्राथमिक विद्यालय जैतपुर में शनिवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में शिक्षा के प्रति अलख जगाई। इस दौरान वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अभियान के राज्यस्तरीय शुभारंभ का सजीव प्रसारण भी देखा गया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्सवी माहौल रहा। मुख्य अतिथि विधायक विकास गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश के सरकारी विद्यालय अब नई पहचान बना रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ‘स्कूल चलो अभियान’ एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसका उद्देश्य हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ना है। खंड शिक्षा अधिकारी हौसिला प्रसाद ने शिक्षकों को निर्देशित करते हुए ‘शून्य अपव्यय’ लक्ष्य पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक घर-घर सर्वे कर निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों का बालवाटिका से कक्षा 1 से 8 तक शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें। विशेष रूप से झुग्गी-झोपड़ियों, ईंट-भट्टों पर कार्यरत श्रमिकों के बच्चों, बालिकाओं, प्रवासी परिवारों एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले वंचित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें विद्यालय से जोड़ना अभियान की सफलता का आधार है। इस अवसर पर विधायक एवं खंड शिक्षा अधिकारी ने नवप्रवेशी बच्चों का रोली-टीका व चंदन लगाकर स्वागत किया। साथ ही कक्षा 1 से 5 तक वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को मेडल, प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों एवं निपुण छात्रों को भी प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम का संचालन राजेश तिवारी ने कुशलतापूर्वक किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान सुशील सिंह चंदेल, प्रधानाध्यापिका मोनिका वर्मा, संजना गुप्ता, अभिषेक आर्य, प्रवीण दुबे, रेनू सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी प्रकाश गुप्ता, जिला मंत्री अरिमर्दन सिंह, मंडल अध्यक्ष संजय सिंह हांडा, अखिलेश त्रिपाठी, रजोल मिश्रा, एआरपी अनुपम श्रीवास्तव, अभिषेक आर्या, संग्राम सिंह, राधेलाल, संध्या देवी, कोमल गुप्ता, आराधना तिवारी, अंजू गुप्ता, अर्चना शुक्ला, सपना सिंह, सारिका तिवारी, प्रेम शंकर दुबे, जितेन्द्र मिश्रा, बृजगोपाल दुबे, सुनील गुप्ता, नरेश तिवारी, अनिल सिंह, हृदयराम यादव सहित सैकड़ों की संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें