एटा के अहमदपुर कला विद्यालय में स्कूल रेडिनेस कार्यक्रम: खेल-आधारित गतिविधियों से बच्चों को सीखने के लिए किया प्रेरित
संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार

एटा के जैथरा ब्लॉक स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय अहमदपुर कला में स्कूल रेडिनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय में नामांकित बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के लिए तैयार करना और उनमें सीखने के प्रति रुचि विकसित करना था। कार्यक्रम में बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं मंडल स्तर के कई अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की फाइनेंशियल लिटरेसी स्पेशलिस्ट डॉ. सारिका पुंढीर, आईसीडीएस मंडल कोऑर्डिनेटर संदीप तिवारी, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के जनपद समन्वयक तपन वर्मा तथा जनपद नोडल सोबरन सिंह शाक्य प्रमुख रूप से शामिल रहे। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों, खेल-आधारित शिक्षण सामग्री और रचनात्मक प्रदर्शनियों के माध्यम से बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय के वातावरण को बच्चों के अनुकूल और रुचिकर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
डॉ. सारिका पुंढीर ने कहा कि स्कूल रेडिनेस कार्यक्रम बच्चों के शैक्षिक विकास की मजबूत नींव तैयार करते हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बच्चों की विषयों की समझ बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आंगनवाड़ी और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों को नवाचार को बढ़ावा देने वाला बताया।
मंडल कोऑर्डिनेटर संदीप तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के शैक्षिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और घर पर सकारात्मक शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की। जनपद समन्वयक तपन वर्मा ने जानकारी दी कि स्कूल रेडिनेस फेज-2 के तहत बच्चों की भाषा क्षमता, गणितीय समझ, संवाद कौशल, रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय और समुदाय के बीच समन्वय को मजबूत करना भी है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान एवं अन्य अतिथियों ने विद्यालय द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को विद्यालय से जोड़ने और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक सहयोग का आह्वान किया गया। इस अवसर पर शिव नाडर एजुकेशन फाउंडेशन, ग्राम प्रधान यूनुस खान, सीडीपीओ, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर कमलेश, सुशीला, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रीमा यादव, ओमप्रभा, सीमा, वीर वाला सुनीता, एसआरजी विपिन शाक्य, राजीव यादव, शिक्षकगण, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।












