“पोस्टर से गायब सीनियर कलाकार, छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री में सम्मान पर उठे सवाल”
‘मोला लव होंगे’ फिल्म के पोस्टर विवाद ने खोली इंडस्ट्री की अंदरूनी खाई, वरिष्ठ अभिनेत्री जागेश्वरी ने जताई नाराजगी
जिला संवाददाता : ताम्रध्वज साहू
छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों एक नया विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। हाल ही में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ी फिल्म “मोला लव होंगे” के पोस्टर से वरिष्ठ अभिनेत्री जागेश्वरी की तस्वीर गायब होने पर कलाकारों के सम्मान और पहचान को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। इस मामले ने इंडस्ट्री में जूनियर और सीनियर कलाकारों के बीच बढ़ती असमानता और उपेक्षा को उजागर कर दिया है। वरिष्ठ अभिनेत्री जागेश्वरी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे अभिनेता करण खान की पत्नी के किरदार में नजर आई हैं, इसके बावजूद फिल्म के किसी भी प्रमुख पोस्टर या प्रचार सामग्री में उनकी तस्वीर को जगह नहीं दी गई। उन्होंने इसे अपने वर्षों के अनुभव और वरिष्ठता का अपमान बताया। जागेश्वरी ने कहा कि जब किसी कलाकार ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ फिल्म में काम किया है, तो उसे पोस्टर और प्रचार सामग्री में उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म के पोस्टर तैयार करने वालों ने उनकी वरिष्ठता को नजरअंदाज किया है। उनका कहना है कि इंडस्ट्री में अब जूनियर और सीनियर कलाकारों के बीच का अंतर मिटता जा रहा है, जिससे अनुभवी कलाकारों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंच रही है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि, “मैं इस फिल्म में काम की हूं, फिर मेरा फोटो पोस्टर में क्यों नहीं है? यह सिर्फ एक तस्वीर का मामला नहीं, बल्कि सम्मान का सवाल है। जब जूनियर कलाकारों को जगह दी जा सकती है, तो सीनियर कलाकारों को नजरअंदाज क्यों किया जा रहा है?” इस पूरे मामले ने छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कई कलाकारों और फिल्म प्रेमियों का मानना है कि यदि वरिष्ठ कलाकारों को इसी तरह अनदेखा किया जाता रहा, तो इंडस्ट्री में मतभेद और असंतोष बढ़ सकता है, जिसका सीधा असर फिल्मों और दर्शकों के भरोसे पर पड़ेगा।












