वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा ने किया कांवड़ रूट का निरीक्षण
सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत. एटा: श्रावण मास में आयोजित हो रही कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्री श्याम नारायण सिंह द्वारा आज थाना मिरहची, थाना कोतवाली देहात एवं थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में स्थित कांवड़ रूट का भ्रमण किया गया।
इस दौरान उन्होंने यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से तैयारियों का गहन निरीक्षण किया।
एसएसपी एटा ने कांवड़ियों के आवागमन हेतु बनाए गए यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, चेतावनी एवं सांकेतिक बोर्ड, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और विभिन्न स्थानों पर स्थापित पुलिस सहायता केंद्रों का जायज़ा लिया।
उन्होंने सहायता केंद्रों पर तैनात चिकित्सकों एवं पुलिस मित्रों से संवाद कर आवश्यक जानकारियाँ प्राप्त कीं और उन्हें उचित दिशा-निर्देश भी दिए।
भ्रमण के दौरान एसएसपी ने यह सुनिश्चित किया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुचारु रूप से लागू हों ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सतर्कता बरतते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखें और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखें, जिससे किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का यह निरीक्षण प्रशासनिक सतर्कता और जनसुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे आगामी कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हो सके।
ये भी पढ़ें बड़ा हादसा: टायर फटने से पेड़ से टकराई कांवड़ियों से भरी छोटा हाथी, सात घायल












