निर्बलों की सेवा ही सबसे बड़ा पुण्य कार्य: एसडीएम नैंसी सिंह लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष ने 500 से अधिक जरूरतमंदों में वितरित किए कंबल
जिला संवाददाता प्रतापगढ़
अवधेश चंद्र पांडेय
प्रतापगढ़। शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष द्वारा शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर मोहनगंज–जेठवारा मार्ग स्थित देव मैरिज लॉन (पड़वासी) में भव्य कंबल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पूर्व प्रधान विनय कुमार शुक्ला (लल्लू शुक्ला) के सहयोग से संपन्न हुआ। कंबल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी सदर नैंसी सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एसडीएम नैंसी सिंह ने कहा कि शीतलहर से बचाव के लिए निर्बल वर्ग व जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराना एक अत्यंत पुनीत कार्य है। उन्होंने कहा कि प्रशासन भी लगातार जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर रहा है, ऐसे में समाजसेवी संस्थाओं का सहयोग अत्यंत सराहनीय और आवश्यक है। लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष द्वारा किए जा रहे इस सेवा कार्य के लिए क्लब के पदाधिकारी व आयोजक बधाई के पात्र हैं। कार्यक्रम में लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष एवं पूर्व प्रधान के नेतृत्व में 500 से अधिक जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। समारोह के आरंभ में क्लब अध्यक्ष लायन आशुतोष त्रिपाठी, सचिव आर.बी. सिंह, पूर्व अध्यक्ष अश्वनी सिंह एवं व्यवस्थापक पूर्व प्रधान विनय कुमार शुक्ला ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ, प्रतीक चिन्ह व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लायन आशुतोष त्रिपाठी ने लायंस क्लब के उद्देश्यों एवं सेवा भाव पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन क्लब सचिव आर.बी. सिंह ने किया।
कंबल वितरण में लायंस क्लब हर्ष के लायन लालजी चौरसिया, लायन रामेश्वर पांडे, लायन कुंवर बहादुर सिंह, ला अरविंद सिंह, लायन दिनेश प्रताप सिंह, लायन डॉ. क्षितिज श्रीवास्तव, लायन सुशील चंद्र शुक्ला, ला कृष्ण प्रताप सिंह सहित समाजसेवी गंगाधर तिवारी, राजकुमार तिवारी, कैलाश नाथ, चंद्रप्रकाश, सूर्यकांत शुक्ला आदि की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याण परिषद के जिलाध्यक्ष रामलखन सिंह भी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में क्लब अध्यक्ष लायन आशुतोष त्रिपाठी एवं पूर्व प्रधान विनय कुमार शुक्ला ने सभी आगंतुकों, सहयोगियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।












