भानेपुर–तिवारीपुर में शंकराचार्य का कार्यक्रम निरस्त: आयोजक परिवार ने जताई कड़ी नाराजगी
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ । पट्टी तहसील अंतर्गत भानेपुर–तिवारीपुर गांव में 12 फरवरी को प्रस्तावित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के धार्मिक कार्यक्रम के निरस्त होने पर आयोजक पक्ष ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। आयोजन समिति के सदस्य सत्यम तिवारी ने इस निर्णय की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया है।आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम को लेकर कई दिनों से व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही थीं। मंच, पंडाल, स्वागत व्यवस्था सहित अधिकांश व्यवस्थाएं पूरी की जा चुकी थीं। ऐसे में अचानक कार्यक्रम निरस्त किए जाने से आयोजक परिवार और क्षेत्रीय श्रद्धालु स्तब्ध हैं।
सत्यम तिवारी ने जारी बयान में कहा कि कार्यक्रम को अविमुक्तेश्वरानंद जी और उनकी टीम द्वारा निजी कारणों से निरस्त किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित पक्ष पर ही बनती है। उनका कहना है कि शंकराचार्य जैसे उच्च पद की गरिमा के अनुरूप अंतिम समय में कार्यक्रम रद्द करना उचित नहीं है, क्योंकि इससे क्षेत्र की जनता और आयोजकों की भावनाएं आहत हुई हैं।उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में नकारात्मक संदेश देती हैं और धार्मिक आयोजनों की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं। आयोजक पक्ष ने आमजन से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि धर्म के नाम पर किए जाने वाले आयोजनों में पारदर्शिता और जिम्मेदारी आवश्यक है।कार्यक्रम निरस्तीकरण के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि आयोजक परिवार अब भी इस निर्णय से आहत नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ सीडीओ डॉ दिव्यामिश्रा ने ब्लाक सण्डवा चन्द्रिका कार्यालय का किया निरीक्षण












