त्योहारों पर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के लिए एसएसपी एटा की पैदल गश्त
जिला संवादाता काव्यांश रावत. एटा। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु एसएसपी एटा ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों व भारी पुलिस बल के साथ कोतवाली नगर क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की।
गश्त के दौरान एसएसपी ने दुकानदारों, राहगीरों व क्षेत्रवासियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा आवश्यकतानुसार समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित पुलिस कर्मियों को दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, अफवाह फैलाने या सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पहल से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूती मिली है, जिससे त्योहार का माहौल सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित बने रहने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें रक्षाबंधन पर छात्राओं ने एसएसपी एटा को बांधी राखी, मिला आशीर्वाद और उपहार












