पानीपत में बाल सुरक्षा पर सख्त प्रशासन, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई: उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया

पानीपत में बाल सुरक्षा पर सख्त प्रशासन, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई: उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया

जिला क्राइम रिपोर्टर सागर गोयल पानीपत हरियाणा

पानीपत, 23 दिसंबर।
जिले में बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिला उपायुक्त एवं जिला बाल संरक्षण एवं कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने स्पष्ट कहा कि इस विषय में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सरकार की सभी बाल कल्याण योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुँचाया जाए। मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित चाइल्ड वेलफेयर एंड प्रोटेक्शन कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त डॉ. दहिया ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल देखरेख संस्थानों, ओपन शेल्टर होम तथा गैर-संस्थागत योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिल सके। उपायुक्त ने पोक्सो मामलों को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए निर्देश दिए कि पुलिस, बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे पीड़ित बच्चों को समय पर सहायता, संरक्षण और न्याय मिल सके। ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जा रहे जागरूकता शिविरों की सराहना करते हुए डॉ. दहिया ने कहा कि ऐसे शिविर बाल विवाह, बाल श्रम, शोषण और गुमशुदगी जैसी सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों, पंचायतों और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से इन जागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि बाल अधिकारों की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभागों के साथ-साथ स्वयंसेवी संस्थाओं को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें