सुशासन सप्ताह: प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस बलबीर सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों को दिए विकास के मंत्र

सुशासन सप्ताह: प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस बलबीर सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों को दिए विकास के मंत्र

जिला क्राइम रिपोर्टर: सागर गोयल
पानीपत, हरियाणा

पानीपत, 23 दिसंबर।
जिला सचिवालय में मंगलवार को सुशासन सप्ताह के अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी बलबीर सिंह ने उपस्थित ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के साथ अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए और गांवों के समग्र विकास पर जोर दिया।
सेवानिवृत्त आईएएस बलबीर सिंह ने कहा कि यदि सरपंच और पंचायत प्रतिनिधि संवेदनशील होंगे तो सामाजिक ढांचा स्वतः मजबूत होगा। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में सुधार से लोग आर्थिक, शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनेंगे। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर विशेष बल देते हुए कहा कि शिक्षा से ही अच्छे और जिम्मेदार नागरिक तैयार किए जा सकते हैं। गांवों से शहरों की ओर हो रहे पलायन का मुख्य कारण भी बेहतर शिक्षा की तलाश है। हर अभिभावक चाहता है कि उसका बच्चा अच्छी शिक्षा प्राप्त करे, इसलिए वह शहरों की ओर रुख करता है। उन्होंने कहा कि गांव के बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान देना भी आवश्यक है, जिसके लिए व्यापक जागरूकता अभियानों की जरूरत है। अनुशासन की नींव परिवार और विद्यालय में ही रखी जाती है, इसलिए मजबूत स्कूल व्यवस्था से ही मजबूत समाज का निर्माण संभव है। बलबीर सिंह ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण आज की मूलभूत आवश्यकताओं में सर्वोच्च स्थान रखते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनभागीदारी को बेहद जरूरी बताते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को साथ लेकर चलने से हर लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। गांवों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी जनसहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सरपंचों से बिना किसी भेदभाव के न्यायसंगत कार्य करने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रशासन गांव की ओर पहल सराहनीय है, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके घर के नजदीक ही मिल सके। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलकर इन योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए समन्वित प्रयास करने चाहिए।
कार्यक्रम में उपमंडल अधिकारी (नागरिक) मनदीप कुमार ने जिला प्रशासन की ओर से अतिथियों का स्वागत किया। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. रजत और डॉ. अरुण शर्मा, कृषि विभाग से डॉ. देवेंद्र सिंह तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला समन्वयक प्रीति ने अपने-अपने विभागों द्वारा सुशासन सप्ताह के अंतर्गत किए गए कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी परमिंदर कौर, बीडीपीओ शक्ति सिंह, शिक्षा विभाग के जिला कोऑर्डिनेटर संदीप कुमार सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और ग्राम पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें