CDO श्री कुमार सौरभ की अध्यक्षता में आज कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, किसानों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर जोर
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
गाजियाबाद।दिनांक: 06 अगस्त, 2026 मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आज कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक की शुरुआत में उप कृषि निदेशक श्री आशीष कुमार सिंह ने कृषि विभाग की प्रगति प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद में कृषि आच्छादन तथा बीज एवं मिनी किट वितरण के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर ली गई है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरक उपयोग के लिए लगातार जागरूक एवं प्रेरित किए जाने के निर्देश दिए।बैठक में मिलेट्स, आत्मा, दलहन, खेत तालाब, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा एग्रीजंक्शन योजनाओं की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप लाभार्थियों का चयन, प्रशिक्षण एवं अन्य गतिविधियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी सप्ताह में किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।मुख्य विकास अधिकारी ने गन्ना, सहकारिता एवं उद्यान विभाग को निर्देशित किया कि किसान ड्रोन की उपलब्धता, उपयोगिता एवं उससे किसानों को प्राप्त होने वाले लाभों का विस्तृत विवरण आगामी बैठक में प्रस्तुत किया जाए।सहकारिता विभाग को निर्देश दिए गए कि पैक्स (PACS) समितियों पर शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार न्यूनतम 25 मीट्रिक टन यूरिया एवं 15 मीट्रिक टन डीएपी की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहे, ताकि किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (AIF) के अंतर्गत संचालित कार्यों पर आगामी बैठक में विस्तृत प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।गन्ना विभाग को निर्देशित किया गया कि गन्ना किसानों के बकाया भुगतान से संबंधित अद्यतन जानकारी नियमित रूप से उप कृषि निदेशक के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए तथा आगामी किसान दिवस में विभाग की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।उद्यान विभाग को स्प्रिंकलर एवं ड्रिप सिंचाई योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए कृषकों हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने नंदी बाबा, नंदिनी, मिनी नंदिनी एवं अन्य विभागीय योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि आगामी समीक्षा बैठक में खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अधिकारियों की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित की जाए।बैठक के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय, प्रभावी कार्ययोजना एवं जवाबदेही के साथ शासन की योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि जनपद के किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके और कृषि विकास को नई गति प्रदान की जा सके।












