सड़क सुरक्षा माह में सख्ती, मैनपुरी में “नो हेलमेट–नो फ्यूल” अभियान के तहत पेट्रोल पंपों की जांच
संवाद दाता:पंकज मिश्रा मैनपुरी।
आज दिनांक 02 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक मैनपुरी गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में सड़क सुरक्षा माह अभियान के तहत “नो हेलमेट–नो फ्यूल” नियम को सख्ती से लागू कराया गया। इस अभियान के अंतर्गत क्षेत्राधिकारी यातायात दीपशिखा सिंह द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों को दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल न देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। क्षेत्राधिकारी यातायात दीपशिखा सिंह ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों को यातायात नियमों के पालन में पुलिस का सहयोग करने और आमजन को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने की अपील की। साथ ही कहा कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे स्वयं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट अवश्य पहनें और यातायात नियमों का पालन करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सके।












