काउंसलिंग से दूर हुए मनमुटाव, फिर एक साथ रहने को राजी हुआ दंपती।
संवादाता अमन अहमद।
एटा, 19 अगस्त 2026। परिवार में बढ़ते आपसी विवाद और मनमुटाव के कारण अलग होने की कगार पर पहुंचे एक दंपती के बीच परिवार परामर्श केंद्र की पहल से फिर से समझौता हो गया। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को आपसी मतभेद दूर कर वैवाहिक जीवन को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के लिए समझाया गया। बातचीत के बाद दंपती ने अपनी पिछली गलतियों को स्वीकार करते हुए साथ रहने पर सहमति जताई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी के निर्देशन में महिला थाना परिसर स्थित नारी उत्थान केंद्र भवन में परिवार परामर्श केंद्र का संचालन किया जा रहा है। केंद्र द्वारा पारिवारिक विवादों को बातचीत और काउंसलिंग के माध्यम से सुलझाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में अंशिका पुत्री केपी सिंह यादव निवासी अडूपुरा, थाना पटियाली, जनपद कासगंज और योगेश कुमार पुत्र कमलेश निवासी बेरी, थाना बागवाला, जनपद एटा के बीच आपसी मतभेद को लेकर परिवार परामर्श केंद्र में पत्रावली प्रचलित थी। दोनों पक्षों को केंद्र पर बुलाकर काउंसलिंग की गई। काउंसलरों ने दोनों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने, आपसी विश्वास बनाए रखने और विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने की सलाह दी।
काफी देर तक चली समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी गलतियों को स्वीकार किया और भविष्य में आपसी सामंजस्य एवं विश्वास के साथ जीवन बिताने का आश्वासन दिया। इसके बाद दंपती साथ रहने के लिए राजी हो गया।
बैठक के दौरान काउंसलर श्रीमती पूनम यादव, निरीक्षक ब्रह्मवती, उपनिरीक्षक सुनीताबाई, महिला हेड कांस्टेबल प्रीति शर्मा, कांस्टेबल रजनी और कांस्टेबल विनेश मौजूद रहे। परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल से एक परिवार को बिखरने से बचाने में सफलता मिली।












