ऑपरेशन के लिए बाहर गया परिवार, पीछे से घर में घुसे चोर; ₹20 हजार नकदी और जेवरात चोरी
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
एटा। मारहरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 स्थित मोहल्ला मकबूलगंज में शुक्रवार रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर हजारों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय गृहस्वामी अपनी पत्नी के ऑपरेशन के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। मो

हल्ला मकबूलगंज निवासी देव सिंह पत्नी का ऑपरेशन कराने के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद मकान के मुख्य दरवाजे का कुंडा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। परिवार के वापस लौटने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और चोरी की जानकारी हुई। देव सिंह के पिता राम सिंह ने बताया कि चोरों ने दरवाजे का कुंडा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर मारहरा थाने के उपनिरीक्षक मुकुल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी। उपनिरीक्षक मुकुल कुमार के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा कर नकदी और आभूषण बरामद करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












