“RTI को दफन करने का खेल? जिला पंचायत में महीनों से ठंडी पड़ी प्रथम अपील, अब राज्य सूचना आयोग जाने की तैयारी”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू बेमेतरा। जिले में सूचना का अधिकार अधिनियम की खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं। जनपद पंचायत बेरला के खिलाफ जिला पंचायत बेमेतरा में दायर प्रथम अपील महीनों बाद भी कार्रवाई का इंतजार कर रही है। न सुनवाई, न नोटिस और न ही किसी प्रकार की प्रशासनिक पहल—पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी अब कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
आवेदक ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बजाय मामले को जानबूझकर दबाया जा रहा है। आरटीआई कानून के तहत तय समय सीमा पूरी होने के बावजूद जिला पंचायत कार्यालय में फाइलें सिर्फ धूल खा रही हैं। इससे आम जनता के सूचना पाने के संवैधानिक अधिकार का सीधा उल्लंघन हो रहा है।
आवेदक ने साफ कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अब मामला राज्य सूचना आयोग तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि “जब प्रथम अपील पर ही सुनवाई नहीं हो रही, तो यह साफ दर्शाता है कि जिम्मेदार अधिकारी आरटीआई कानून को गंभीरता से नहीं ले रहे।”
इस मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं और आरटीआई एक्टिविस्टों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि जिला स्तर पर ही सूचना अधिकार कानून का पालन नहीं होगा, तो पारदर्शिता और जवाबदेही केवल कागजों तक सीमित रह जाएगी।
ये भी पढ़ें MRP के नाम पर लूट बंद करो: अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने छेड़ा बड़ा अभियान, उपभोक्ताओं को किया जागरूक













