पानीपत में कांग्रेस का प्रदर्शन: NEET गड़बड़ियों और पेट्रोल-डीजल महंगाई के खिलाफ राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
जिला क्राइम रिपोर्टर सागर गोयल पानीपत हरियाणा
हरियाणा के पानीपत में आज जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जीटी रोड फ्लाईओवर के नीचे जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उपायुक्त पानीपत के माध्यम से राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां छात्र और आम जनता विरोधी हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और आम आदमी महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ियों ने लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को चिंता में डाल दिया है। युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है और रोजमर्रा की जरूरतों पर असर पड़ रहा है। प्रदर्शन में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों और युवाओं के भविष्य की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की गई। धर्मपाल गुप्ता, डेलीगेट हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं पानीपत शहरी विधानसभा, ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और छात्रों व आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।












